चीन में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण कानून का उल्लंघन करने के मामले में 720 लोगों को हिरासत में लिया गया और 2.18 करोड़ डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है.स्थानीय संवाद समिति शिन्हुआ ने राष्ट्रीय पर्यावरणीय कार्य सम्मेलन में मिली सूचना के आधार पर बताया कि देश में वायु, भूमि और जल प्रदूषण पर नियंत्रण की कोशिशों के तहत पर्यावरण को किसी भी तरह नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में पिछले वर्ष पर्यावरण संरक्षण कानून का उल्लंघन करने के मामले में 720 लोगों को हिरासत में लिया गया और 2.18 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया गया.
शिन्हुआ ने बताया कि चीन ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचने से रोकने के लिए 14 अरब डॉलर की 11 परियोजनाओं को खारिज कर दिया है. इसके अलावा देश में पिछले वर्ष पर्यावरण संरक्षण कानून के तहत 13127 मामले दर्ज किए गये. केवल मोबाइल से होने वाले उत्सर्जन के लिए 10184 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गये और 87 लाख युआन का जुर्माना लगाया गया.
प्रदूषण पर लगाम लगाने के प्रयासों के बावजूद चीन में पिछले सप्ताह प्रदूषण काफी बढने की चेतावनी जारी की गयी जिसके मद्देनजर लोगों को घरों के भीतर रहना पड़ा. इस दौरान हवा में पीएम 2.5 का स्तर खतरनाक रूप से बढ़कर 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था जिसके कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी और राजमार्गों को भी बंद करना पड़ा.