अमेरिका में नए साल का जश्न मनाने के लिए की गई गोलीबारी से दो लोगों की मौत हो गई. यह फ्लोरिडा के एक क्लब की घटना है. उस समय वहां ढाई सौ से ज्यादा लोग थे. संदिग्ध मौके से फरार हो गया जिसकी अधिकारी तलाश कर रहे हैं.
उधर, अमेरिका के ही ओमाहा में हुई गोलीबारी की एक अन्य घटना में भी दो लोगों की मौत की खबर है. ओमाहा पुलिस के डिप्टी चीफ स्कॉट ग्रे ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस अधिकारियों को एवन्स टावर नामक एक आवासीय परिसर में बुलाया गया था. इसी दौरान परिसर में दो अधिकारियों और एक हथियारबंद व्यक्ति के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के मुताबिक गोलीबारी क्यों शुरू हुई, इसका कारण अभी पता नहीं चल पाया है. एक अधिकारी को पैर में गोली लगने के बाद हथियारबंद व्यक्ति को मार गिराया गया. इसके बाद पुलिस को एक अपार्टमेंट में एक महिला मृत अवस्था में मिली. पुलिस सभी घटनाओं की जांच कर रही है.
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं आम हैं और नियमित अंतराल पर ये सुर्खियां भी बनती रहती हैं. इसकी वजह देश के ढीले-ढाले हथियार कानूनों को माना जाता है. काफी समय से देश की बंदूक संस्कृति पर लगाम लगाने की कोशिशें हो रही हैं लेकिन इनमें अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है.