Flash Cult Current
अर्थ संसार

किसानों को कर्ज मुक्त बनाने के लिए क्रेडिट कार्ड देगा इफको

विश्व की शीर्ष  सहकारी संस्था इंडियन फारमर्स फिर्टलाइजर को-आपरेटिव लिमिटेड (इफको) किसानों को कर्ज मुक्त बनाने के लिए 15 फरवरी को क्रेडिट कार्ड लांच करेगा. इस क्रेडिट कार्ड से किसान 2500 रुपये तक के इफको के उत्पाद की खरीद कर सकते हैं. एक माह तक इसपर कोई ब्याज नहीं देना होगा.

संदीप कुमार
Cult Current
09 Feb 2017
Solar farm during sunset

 इफको की स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान प्रबंध निर्देाक डॉक्टर उदय शंकर अवस्थी व अन्य



 



विश्व की शीर्ष  सहकारी संस्था इंडियन फारमर्स फिर्टलाइजर को-आपरेटिव लिमिटेड (इफको) किसानों को कर्ज मुक्त बनाने के लिए 15 फरवरी को क्रेडिट कार्ड लांच करेगा. इस क्रेडिट कार्ड से किसान 2500 रुपये तक के इफको के उत्पाद की खरीद कर सकते हैं. एक माह तक इसपर कोई ब्याज नहीं देना होगा. उसके बाद 8.8 फीसद ब्याज देना पड़ेगा. बाद में राशि का दायरा बढ़ाया जाएगा. यह घोषणा इफको के प्रबंध निदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. यूएस अवस्थी ने 8 फरवरी को इफको स्वर्ण जयंती वर्ष पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित किसान एवं सहकारी सम्मेलन में की. प्रबंध निदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि इफको 15 रुपये किलो की दर से नीम के बीज खरीदेगा. पिछले वर्ष 13 लाख तथा इस वर्ष 26 लाख नीम का पेड़ लगाने का फैसला लिया गया है. इससे ग्लोबल वार्मिग में कमी आएगी तथा वातावरण भी शुद्ध बनेगा. अवस्थी ने कहा कि देश के सभी चार करोड़ सदस्यों को भारतीय सहकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा. इसके माध्यम से कृषि से जुड़े सुझाव किसानों तक पहुंचाए जाएंगे. यह प्लेटफॉर्म ई-मार्केट का भी काम करेगा. इससे सहकारी संस्थाएं कैशलेस की तरफ बढ़ेंगी तथा सहकारी आंदोलन तेज होगा. इफको के महाप्रबंधक योगेन्द्र कुमार ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को जोड़कर व्यवसाय में तेजी लाने का मिशन है. इससे किसानों को घर-घर तक सभी उत्पाद उचित मूल्य पर मिल जाएगा. बिस्कोमान के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि देश और राज्य के कृषि और सहकारिता मंत्री कुछ नहीं कर पाए मगर इफको ने बिस्कोमान के माध्यम से 301 रुपये में उर्वरक की उपलब्धता कराई.  इफको की 36 हजार सहकारी समितियों की सदस्यता संख्या बढाकर अगले साल तक 50 हजार करने का लक्ष्य है. जो भी सहकारी समितियां प्रति वर्ष 100 टन खाद बेच सकती है , वे इफको की सदस्यता ले सकती है. सम्मेलन को इफको निदेशक राजकुमार त्रिपाठी, प्रेमचंद मुंशी, राज्य विपरण प्रबंधक डा. अजय सिंह, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक वाईपी सिंह, बिहार राज्य को-ऑपरेटिव फेडरेशन के अध्यक्ष विनय शाही, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह व स्टेट को-आपरेटिव बैंक के अध्यक्ष आरसी चौबे आदि ने संबोधित किया.



वेद विद्यालय को मिलेंगे 10 लाख रुपये



पशुपति वेद विद्यालय की स्थिति में सुधार लाने के लिए इफको प्रबंध निदेशक डॉ. यूएस अवस्थी ने दस लाख रुपये देने की घोषणा की. वे छात्रों की गुरु वंदना से मंत्रमुग्ध दिखे. जब उन्हें जानकारी मिली कि इनके रहने का स्थान जीर्ण-शीर्ण है, तो बिना विलंब किए दस लाख रुपये देने की घोषणा कर दी. बिहार गीत सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को भी उन्होंने पुरस्कृत किया.  



(संदीप कुमार कल्ट करंट के पटना ब्यूरो प्रमुख हैं)