Flash Cult Current
अर्थ संसार

बाबा रामदेव छत्तीसगढ़ में लगा सकते हैं कृषि और वनोपज से जुड़े उद्योग

योग गुरु बाबा रामदेव कृषि और वनोपज संबंधी उद्योग छत्तीसगढ़ में लगाने के इच्छुक नजर आ रहे हैं. यह बात तब नजर आई जब मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास कार्यालय में उन्होंने छत्तीसगढ़ में कृषि उपजों और वनोपजों पर आधारित उद्योगों में पूंजी निवेश की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया

CC News Network
Cult Current
13 Jan 2017
Solar farm during sunset

योग गुरु बाबा रामदेव कृषि और वनोपज संबंधी उद्योग छत्तीसगढ़ में लगाने के इच्छुक नजर आ रहे हैं. यह बात तब नजर आई जब मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास कार्यालय में उन्होंने छत्तीसगढ़ में कृषि उपजों और वनोपजों पर आधारित उद्योगों में पूंजी निवेश की संभावनाओं पर विचार विमर्श किया. बाबा रामदेव ने इस प्रकार के उद्योग लगाने में अपनी दिलचस्पी दिखाई. 

इस मौके पर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की भी यह नीति है कि राज्य के किसानों और वनवासियों की आर्थिक बेहतरी के लिए इस प्रकार के उद्योगों को प्राथमिकता दी जाए. ऐसे उद्योग यहां लगेंगे तो हमारे किसानों को अनाज और उद्यानिकी फसलों के लिए अच्छा बाजार मिलेगा. इसके लिए हमारी उद्योग नीति में भी प्रावधान किए गए हैं.मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव की पेशकश का स्वागत करते हुए उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. योग गुरू रामदेव ने छत्तीसगढ़ में गौवंश के नस्ल सुधार के लिए भी अपनी ओर से सहयोग की पेशकश की.

इस बैठक में राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, ऊर्जा विभाग और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एन बैजेन्द्र कुमार, कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह, वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव सुबोध कुमार सिंह, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक सुनील मिश्रा, संचालक उद्योग कार्तिकेय गोयल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.