दिल्ली में जबरदस्त ठंड से रूम हीटरों की बिक्री में खासी तेजी आई है. हालत यह है कि कारोबारी इनकी मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं. मांग में तेजी के बाद अब खुदरा कारोबारियों ने भी रूम हीटरों के दाम बढ़ा दिए हैं. पिछले कुछ सालों से जमा हीटरों से परेशान रहने वाले कारोबारियों का पुराना माल ठंड खत्म होने से पहले ही निकल चुका है.
दिल्ली स्थित भागीरथ प्लेस बाजार हीटर, गीजर समेत अन्य इलेक्ट्रिीकल सामानों के कारोबार का प्रमुख केंद्र है. भागीरथ प्लेस में ही रूम हीटर, हीजर, पानी गर्म करने की रॉड का कारोबार करने वाले एक कारोबारी ने बताया, 'पिछले साल उन्होंने 6 से 8 लाख रुपये की बिक्री ही की थी, इस साल अब तक 12 लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है.'
मयूर बिहार फेज-3 के खुदरा इलेक्ट्रिकल कारोबारी सोनू गुप्ता ने कहा कि ब्रांड एवं लोकल रूम हीटर का स्टॉक खत्म हो चुका है और ग्राहकों की मांग पूरी करने करने में अब उन्हें मशक्कत करनी पड़ रही है. गुप्ता ने कहा कि पिछले साल 600 से 800 रुपये में बिकने वाले रूम हीटर इन दिनों 750 से 1,000 रुपये में बिक रहे हैं. रूम हीटर 500 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक में मिल रहा है.