यूपी पुलिस की नजर में छह साल पहले मृत लोग भी ‘दंगाई’

संदीप कुमार

 |  04 Jan 2020 |   228
Culttoday

उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में पुलिस ने दंगा फैलाने वालों लोगों को चिनिह्त कर उन्हें नोटिस भेजा है तथा कइयों को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन इस मामले में पुलिस खुद अपनी फजीहत भी करा बैठी है. 

फिरोजाबाद में हिंसक प्रदर्शन के दौरान जिन लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की है, उनमें एक ऐसे व्यक्ति का भी नाम है जिनकी मृत्यु छह साल पहले हो चुकी है. हालांकि मामला सामने आने के बाद प्रशासन इसकी जांच करा रहा है लेकिन यह मामला सिर्फ फिरोजाबाद तक ही सीमित नहीं है बल्कि ऐसे कई मामले दूसरी जगहों से भी सामने आए हैं.
फिरोजाबाद में 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जमकर उपद्रव हुआ था जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी और कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे. पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन के संदर्भ में 49 मुकदमे दर्ज किए हैं और शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए 199 लोगों को नोटिस भेजे हैं. जिन लोगों को नोटिस भेजे गए, उनमें मृतक बन्ने खां का नाम भी शामिल है, जिनकी मृत्यु छह साल पहले हो चुकी है. इसके अलावा नब्बे वर्षीय अंसार हुसैन को भी नोटिस भेजा गया है जो सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के सचिव हैं. नोटिस पाने वालों में फिरोजाबाद में कुछेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना से जुड़े 93 वर्षीय फसाहत मीर खां भी शामिल हैं.
फसाहत मीर खान फिरोजाबाद में एक कॉलेज के संस्थापक है, जबकि सूफी अंसार हुसैन करीब छह दशकों से स्थानीय मस्जिद में संरक्षक के तौर पर काम कर हैं. दोनों ही स्थानीय शांति समितियों के सदस्य हैं और किसी भी क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ नियमित रूप से समन्वय करते हैं. दोनों को जारी किए गए नोटिस में, उन्हें एक सरकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने और दस लाख रुपये का बांड जमा करने के बाद जमानत के लिए आवेदन करने को कहा गया है.
हालांकि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं. फिरोजाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह का कहना है, "हिंसक प्रदर्शन के बाद करीब दो सौ लोगों को नोटिस भेजा गया है. पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है. इसमें सिर्फ जवाब देना है. जो भी नाम गलत तरीके से जुड़े पाएंगे, उन्हें हटा दिया जाएगा. किसी भी निर्दोष व्यक्ति को डरने की जरूरत नहीं है.”
वहीं वाराणसी में प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किए गए 56 लोगों को कोर्ट ने जमानत दे दी जिसके बाद इनकी रिहाई का रास्ता खुल गया है. हालांकि ज्यादातर लोग गुरुवार को रिहा भी कर दिए गए. इन लोगों में से तमाम सामाजिक कार्यकर्ता और बीएचयू के कुछ छात्र शामिल थे. गिरफ्तार लोगों में एकता शेखर और उनके पति रवि शेखर भी शामिल थे जिनकी चौदह महीने की बच्ची अपने मां-बाप का इंतजार कर रही थी.
रिहाई के बाद एकता शेखर ने आरोप लगाया कि उन लोगों को सिर्फ ये कहकर ले जाया गया था कि धारा 144 के उल्लंघन में छोटा सा चालान भरना है. उन्होंने बताया, "लेकिन पुलिस लाइन में रात भर रखने के बाद अगले दिन बिना किसी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए हमें जेल भेज दिया गया. हमें ये तक नहीं बताया गया कि हमारे खिलाफ एफआईआर में कौन सी धाराएं लगी हैं. हमें एफआईआर की कॉपी तक नहीं दी गई. बिना किसी जुर्म के चौदह दिन तक जेल में रखा गया.”
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में मुजफ्फरनगर में पुलिस ने चार ऐसे लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया था जिन्हें बाद में ये कहते हुए रिहा कर देने की अपील की कि इन लोगों को गलती से पकड़ लिया था. गिरफ्तार लोग खुद को बेगुनाह बताते रहे लेकिन पुलिस ने उन्हें 11 दिन तक जेल में रखने के बाद अपनी गलती स्वीकार की.
गिरफ्तार लोगों में मुजफ्फरनगर के ही रोजगार कार्यालय में क्लर्क के रूप में तैनात 56 वर्षीय मोहम्मद फारूक भी थे. बीस दिसंबर को पुलिस ने तमाम लोगों के साथ मोहम्मद फारूक और उनके बीस वर्षीय बेटे को भी गिरफ्तार किया था. इसके अलावा एक ही परिवार के तीन अन्य लोग भी थे जो उस दिन अपने एक बीमार रिश्तेदार को लेकर मेरठ के एक अस्पताल में ले जा रहे थे.

Culttoday


राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उपद्रव में शामिल होने के नाम पर तमाम बेगुनाहों के खिलाफ नामजद और अज्ञात नाम से एफआईआर कर दी है लेकिन अब उन्हें अदालत में जवाब देते नहीं बन रहा है. यही वजह है कि लगातार लोग कोर्ट से जमानत पा जा रहे हैं. वहीं, पुलिस पर ये भी आरोप लग रहे हैं कि अज्ञात लोगों में नाम शामिल होने का डर दिखाकर लोगों से वसूली भी की जा रही है. ऐसी शिकायतें कानपुर, लखनऊ, फिरोजाबाद, मेरठ, मऊ जैसे कई जिलों से मिल रही हैं.
हालांकि राज्य के डीजीपी और दूसरे अधिकारी भी कई बार ये बात दोहरा चुके हैं कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी लेकिन अब तक ऐसे दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं जिन्हें खुद पुलिस ने निर्दोष माना है. ऐसे में इन लोगों ने जेल में जो दिन काटे हैं, उसकी भरपाई कैसे होगी, ये अहम सवाल है. यही नहीं, तमाम लोगों ने ये भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने न सिर्फ उन्हें गिरफ्तार किया बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई. मुजफ्फरनगर के रोजगार दफ्तर में काम करने वाले मोहम्मद फारूक कहते हैं कि उनके घर में सारी चीजें तोड़ दी गईं और उनके मोबाइल भी जब्त करा लिए गए, जिन्हें रिहा होने के बाद भी वापस नहीं किया गया.
वहीं, एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बिना किसी संदेह के कोई भी गिरफ्तार नहीं हुआ है. अधिकारी के मुताबिक, "जमानत मिलने से ये साबित नहीं होता कि कोई व्यक्ति निर्दोष है. अभी शुरुआती दौर की कार्रवाई हो रही है. जिनकी संलिप्तता नहीं है, उन्हें छोड़ा जा रहा है लेकिन बाकी लोगों के खिलाफ सबूत इकट्ठा किए गए हैं और दूसरे चरण में चार्ज शीट तैयार की जाएगी.”
गिरफ्तार किए गए लोगों में पूर्व आईपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी और कांग्रेस नेता और अभिनेत्री सदफ जाफर भी शामिल हैं. इन लोगों को प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा में नुकसान हुए सामान की भरपाई के लिए नोटिस भी दिया गया है.
पिछले साल 19 और 20 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे जिनमें कम से कम बीस लोगों की जान चली गई, कई लोग घायल हैं और करोड़ों रुपये की सरकारी और गैर सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है. राज्य की योगी सरकार ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के अपराध में कुछ लोगों की पहचान करके नोटिस भेजा है और उनसे इस संपत्ति की भरपाई करवाने का फैसला किया है.
 

RECENT NEWS

रॉकेट फोर्सः युद्ध का नया व्याकरण
संजय श्रीवास्तव |  02 Apr 2026  |  161
बंगाल का रणः लाभ Vs ललकार
अनवर हुसैन |  02 Apr 2026  |  134
ढला लाल साया
संतोष कुमार |  02 Apr 2026  |  129
रसोई का संकट
सुमित्रा भट्टी |  02 Apr 2026  |  140
जल कूटनीति
ज्योति भट्टाचार्य |  02 Apr 2026  |  142
सीमा पर साजिश
अनवर हुसैन |  02 Feb 2026  |  242
भारत की अग्निपरीक्षा
संतोष कुमार |  02 Feb 2026  |  231
चीनी मुद्रा का टूटता भ्रम
ब्रैड डब्ल्यू. सेटसर |  02 Feb 2026  |  239
'कमल' का 'नवीन' अध्याय
जलज श्रीवास्तव |  02 Feb 2026  |  209
नाबार्ड सहकार हाट का हुआ विधिवत समापन
कल्ट करंट डेस्क |  21 Dec 2025  |  230
नौसेनाओं का नव जागरण काल
संजय श्रीवास्तव |  01 Dec 2025  |  208
SIR: प. बंगाल से ‘रिवर्स एक्सोडस’
अनवर हुसैन |  01 Dec 2025  |  190
पूर्वी मोर्चा, गहराता भू-संकट
संदीप कुमार |  01 Dec 2025  |  183
दिल्ली ब्लास्टः बारूदी त्रिकोण
संतोष कुमार |  01 Dec 2025  |  188
आखिर इस हवा की दवा क्या है?
संजय श्रीवास्तव |  01 Dec 2025  |  163
To contribute an article to CULT CURRENT or enquire about us, please write to cultcurrent@gmail.com . If you want to comment on an article, please post your comment on the relevant story page.
All content © Cult Current, unless otherwise noted or attributed. CULT CURRENT is published by the URJAS MEDIA VENTURE, this is registered under UDHYOG AADHAR-UDYAM-WB-14-0119166 (Govt. of India)